अपनी पहली पोस्ट फादर्स डे पर लिखना महज संयोग है. सब कुछ जीवन में योजनानुसार हो ज़रूरी नहीं और असम्भव भी नहीं. मेरे साथ पहली बात हुई. पापाजी ने चाहा मैं डॉक्टर बनू पर मैं नहीं बना. मगर उनके आख़िरी दस दिनों में उन्हें डॉक्टर के पास लाने-पहुंचाने का काम ज़रूर मैंने किया. 27 जुलाई 1999 को उनका साथ छूटा. उन्हें खून की कमी हो गयी थी और ब्लड ट्रांस्फ्युज़न हो रहा था. दो दिन सब ठीक था, पर आख़िरी दिन सब गड़बड़ हो रहा था. फिर भी खून चढना शुरू हो गया. मैं टेलीफोन एक्सचेंज चला गया पर जल्दी ही वापस लौट आया.
आते ही नर्सिंग होम की सीढ़ी पर मून (मेरा छोटा भाई) मिला और बताया कि अचानक पापाजी की तबियत बिगड़ रही है. उनके कमरे में पहुंचा तो उन्होंने मुझे बेड पर अपने बगल में बैठने का इशारा किया. मैं बैठ गया. सचमुच उनकी तबीयत बहुत तेज़ी से बिगड रही थी. पास बैठते ही उन्होंने सिर्फ इतना कहा अब तुम मेरे पास हो तो मुझे कुछ नहीं होगा. लेकिन मेरे जन्म के समय की गयी पंडित की भविष्यवाणी कि जातक अपने पिता के लिए शुभ है गलत सिद्ध होने जा रही थी. वैसे भी मौत को कौन टाल सका है, जो मैं टाल पाता...
उनकी किसी उम्मीद को मैं पूरा कर पाया या नहीं कहना मुश्किल है पर ऐसा लगा उनकी आख़िरी इच्छा भी पूरी नहीं कर सका. आज भी रोज उनकी चर्चा हो ही जाती है. उनसे सिनेमा, साहित्य और अच्छे विचार की विरासत हमें काफी समृद्ध कर रही है. मम्मी के साथ जब हम सभी भाई बहन बैठे हों और छत पर कोई कौआ बैठे तो बरबस मुंह से निकल जाता है,”उड़ तो कौआ पापा कि चिट्ठी आएगी.” पापाजी की पोस्टिंग इलाहाबाद में थी और तब चिट्ठी आती भी थी...मगर जहाँ वो अब हैं वहाँ से तो बस वन वे है और वे सिर्फ आशीर्वाद का सिग्नल देते हैं (वे रेलवे में थे) जिसकी वजह से “गायत्री” (मेरे मकान का नाम) में रहने वाले फलफूल रहे हैं!